अहमदाबाद. भारत दौरे पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि दोनों देशों के बीच एक शानदार व्यापार समझौते पर चर्चा चल रही है। यह अब तक की सबसे बड़ी ट्रेड डील में से एक होगी। ट्रम्प ने कहा कि दोनों देशों के बीच निवेश को आसान बनाने के लिए बातचीत शुरुआती दौर में है। हालांकि, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बेहद सख्त नेगोशिएटर (मोल-भाव करने वाले) हैं। ट्रम्प ने यह भी कहा कि हम भारतीय सुरक्षा बलों को 3 अरब डॉलर के हेलिकॉप्टर बेचने की डील साइन करेंगे। मुझे लगता है कि अमेरिका को भारत का प्रमुख डिफेंट पार्टनर होना चाहिए। हम साथ मिलकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वतंत्र बनाएंगे।
दुनिया को भारत के कारोबारी माहौल में तेजी से सुधार की उम्मीद: ट्रम्प
ट्रम्प ने कहा कि इस दौरे में दोनों देशों के बीच आर्थिक रिश्ते बढ़ाने की कोशिशों पर चर्चा होगी। अमेरिका एक्सपोर्टर्स के लिए भारत एक बड़ा बाजार है। भारत से भी सबसे ज्यादा एक्सपोर्ट अमेरिका में हो रहा है। अमेरिका की तरक्की भारत और पूरी दुनिया के लिए अच्छी बात है। इसलिए, हमें इस बात की खुशी है कि अमेरिका अर्थव्यवस्था अब तक के सबसे अच्छे दौर में है। ट्रम्प ने कहा कि भारत में मोदी भी सुधार के कई बड़े कदम उठा चुके हैं। दुनिया भारत के कारोबारी माहौल में और भी तेजी से सुधार की उम्मीद कर रही है। मोदी ऐसा कर भी रहे हैं।
ट्रम्प ने मोदी को सख्त नेगोशिएटर बताया, कहा- दोनों देशों के बीच एक बड़ी ट्रेड डील पर बातचीत हो रही